1799 दारोगा भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन।

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!


बिहार पुलिस में 1799 दारोगा पदों के लिए 27 मई को आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना कॉलेज परिसर से प्रदर्शन करते हुए जेपी गोलंबर पहुंचे और जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा की निष्पक्ष जांच, कथित गड़बड़ियों की रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा से जुड़े कई तथ्यों और शिकायतों को लेकर उन्होंने विभिन्न सरकारी एजेंसियों और अधिकारियों को आवेदन दिया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
हाथों में बैनर-पोस्टर और तिरंगा झंडा लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), पुलिस मुख्यालय और डीजीपी को भी आवेदन सौंपा, लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।
जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में जुटे अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद अभ्यर्थी सड़क पर ही बैठ गए और प्रदर्शन जारी रखा।

Join us on: