सचिव द्वारा 50 करोड़ रुपये से ऊपर की योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा, लापरवाही एवं गुणवत्ता में कोताही बरतने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

पथ निर्माण विभाग
प्रेस विज्ञप्ति

सचिव द्वारा 50 करोड़ रुपये से ऊपर की योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा, लापरवाही एवं गुणवत्ता में कोताही बरतने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

पटना, 15 जून, 2026:- श्री पंकज कुमार पाल सचिव, पथ निर्माण विभाग द्वारा आज बिहार राज्य रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BSRDCL), बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (BRPNNL), राष्ट्रीय उच्चपथ एवं पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित 50 करोड़ रुपये से ऊपर की परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की गई। बैठक में माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के आलोक में योजनाओं के अनुश्रवण एवं तीव्र क्रियान्वयन को प्रमुखता दी गई।

समीक्षात्मक बैठक में वरीय पदाधिकारियों एवं अभियंताओं की उपस्थिति रही तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्रीय अभियंता बैठक से जुड़े।

सचिव महोदय ने निर्देश दिया कि प्रत्येक डिवीजन का गहन सर्वे किया जाए और वर्तमान में चल रहे कार्यों की भौतिक जांच सुनिश्चित की जाए। विभाग का मुख्य फोकस निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर है, जिसकी विशेष रूप से निगरानी की जाय। उन्होंने सभी अधिकारियों को PMIS पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया ताकि कार्यों की रियल टाइम मॉनिटरिंग हो सके।

समीक्षा के दौरान सचिव महोदय द्वारा जन-शिकायतों के निवारण की स्थिति की भी जांच की गई। सचिव ने स्पष्ट किया कि ‘सहयोग पोर्टल’ पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निपटारा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ज्यादातर प्रमंडलों के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। वर्तमान में 55 शिकायतें लंबित पाई गईं। सचिव ने इन लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने का कड़ा निर्देश दिया।

प्रगति यात्रा एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। सचिव ने चेतावनी दी कि यदि कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही पाई जाती है, तो विभाग द्वारा उसका संज्ञान लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेवारी तय करते हुए उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके उपरांत आगामी मानसून को देखते हुए बाढ़ एवं सुखाड़ की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। सचिव ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत पूरी की जाएं। सभी छोटे-बड़े पुल-पुलियों की अनिवार्य रूप से साफ-सफाई, कटाव निरोधक आवश्यक सामग्रियों का समय पर भंडारण की जाए। उन्होंने निदेशित किया कि संवेदनशील स्थलों की निरंतर मॉनिटरिंग और तुरंत मरम्मत सुनिश्चित हो।

Join us on: