रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
हाजीपुर —– वैशाली के पातेपुर थाना क्षेत्र के बहुआरा फतेहपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने कीटनाशक दुकानदार को गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कारोबारियों में डर का माहौल है।
घायल दुकानदार की पहचान समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र के सादिपुर निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ आदित्य के रूप में हुई है। पेट में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर है। परिजन पहले उसे ताजपुर, फिर समस्तीपुर के निजी अस्पताल ले गए। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे दो हथियारबंद बदमाश दवा लेने के बहाने दुकान में दाखिल हुए और गोली चलाकर फरार हो गए। बाजार में चहल-पहल के बावजूद वारदात को अंजाम देकर बदमाशों का भाग निकलना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
सूचना मिलने पर पातेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
घटना में लूटपाट नहीं हुई है। घायल ने भी अब तक किसी पर शक नहीं जताया है, जिससे हमले की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच की बात कह रही है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं से कारोबारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने बाजार में नियमित गश्त की मांग की है।
फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस जांच में जुटी है।
वाइट–परिजन



