ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार से मिले पूर्व सेनेटर अजय तिवारी!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा 11 जून। बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार से गुरुवार को विभागीय कार्यालय में पूर्व सेनेटर अजय तिवारी उर्फ मुनमुन तिवारी ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को पुनः मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने तथा ग्रामीण कार्य विभाग की जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान अजय तिवारी ने मंत्री सुनील कुमार के सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों में आवागमन की सुविधा और बेहतर होगी तथा आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर ग्रामीण कार्य विभाग के आप्त सचिव इश्तियाक अहमद से भी अजय तिवारी ने मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। बातचीत के दौरान राज्य के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पूर्व सेनेटर अजय तिवारी ने कहा कि बिहार सरकार के नेतृत्व में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से राज्य के गांवों की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने मंत्री सुनील कुमार के उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि विभाग नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
शिष्टाचार मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Join us on: