नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा (बिहार): जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां महज 10 रुपये के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान निचली बाजार निवासी 31 वर्षीय दीपू लाल के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि दीपू लाल स्थानीय किराना दुकान पर दालमोट खरीदने गए थे। इसी दौरान बचे हुए पैसों को लेकर दुकानदार से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में तब्दील हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अरमान ख़ान, और बतखिया ख़ान और कई अन्य लोगों ने दीपू के सिर पर भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में परिजनों द्वारा उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए नवादा रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान बुधवार देर रात उनकी मौत हो गई।
दीपू लाल की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी अनुजा देवी का सुहाग उजड़ गया, वहीं छह छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। जिसने 5 बेटी एक बेटा है, परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी और अब उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुरुवार दोपहर नारदीगंज मोड़ पर स्थानीय लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन कई घंटों तक बाधित रहा। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। नारदीगंज SHO राजेश कुमार,हिसुआ सदर 2 एसडीपीओ राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक कर स्थिति को शांत कराया। इलाके में पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती कर दी गई है।
SHO राजेश कुमार का बयान:
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में कुल 8 अभियुक्त नामजद हैं। जिनका नाम अरमान दर्जी, अरबाज दर्जी , असगर दर्जी , मुन्नी खातून , मुख्तार दर्जी उर्फ बरेल, बुधन दर्जी , जुमन दर्जी , सहजाना ख़ातून ।
इनमें से अब तक 3 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है, जिनमें 2 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान असगर दर्जी , मुन्नी खातून और मुख्तार दर्जी उर्फ बरेल के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक की पत्नी अंजू देवी ने थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि प्रशासन द्वारा शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।




