एग्री-स्टैक के सफल क्रियान्वयन हेतु किसानों का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करें : विजय कुमार सिन्हा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

लखीसराय, 10 जून 2026। बिहार सरकार के कृषि मंत्री माननीय विजय कुमार सिन्हा ने आज लखीसराय जिला अतिथि गृह के मंत्रणा कक्ष में एग्री-स्टैक (Agri Stack) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कृषि विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

समीक्षा के दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी, त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा सके।

माननीय मंत्री ने कहा कि एग्री-स्टैक किसानों की डिजिटल पहचान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से किसानों तक अनुदान, बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र, फसल सहायता एवं अन्य सुविधाएं सीधे और सुगमता से पहुंचाई जा सकेंगी। उन्होंने अधिकारियों को पंजीकरण अभियान में तेजी लाने तथा किसानों के बीच व्यापक जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप बिहार सरकार किसानों को तकनीक से जोड़कर कृषि व्यवस्था को अधिक आधुनिक, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों को योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के सीधे उपलब्ध कराया जा सकेगा।

कृषि मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “हमारा लक्ष्य है—हर किसान की डिजिटल पहचान, हर किसान तक योजनाओं का लाभ।” उन्होंने अधिकारियों से इस लक्ष्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आह्वान किया।

बैठक में एग्री-स्टैक के अंतर्गत किसान पंजीकरण की वर्तमान स्थिति, प्रगति, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सादर आभार
अजय कुशवाहा
भाजपा मीडिया प्रभारी,
लखीसराय ।

Join us on:

और पढ़ें