दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार
दरभंगा। जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनरी ढलान के समीप बुधवार को कोसी नदी में एक नाव पलट जाने से चार किसान लापता हो गए, जबकि सात लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाव पर सवार सभी लोग नदी पार कर अपने खेतों में मूंग की फसल तोड़ने जा रहे थे। बताया जाता है कि नाव पर कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं शामिल थीं। नदी पार करने के दौरान अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया। तेज धारा के बीच नाव में पानी भरने लगा और देखते ही देखते वह नदी में डूब गई।
नाव डूबने के बाद सात लोग किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि चार लोग नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF समेत अन्य बचाव दलों को लगाया गया है। समाचार लिखे जाने तक लापता लोगों का कोई पता नहीं चल सका था। बचाव दल लगातार नदी में खोज अभियान चला रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) शशांक राज तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रभाकर तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने अभियान की निगरानी करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है और उन्हें सुरक्षित खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।
बाइट:-
(1) प्रभाकर तिवारी (SDPO)
(2)शशांक राज, बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO)
(3) रविंद्र कुमार यादव, स्थानीय ग्रामीण
(4) अभिनंदन यादव, स्थानीय ग्रामीण



