आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा, 07 जून। बीएड प्रवेश परीक्षा संपन्न होने के बाद परीक्षार्थियों की भारी भीड़ परीक्षा केंद्रों से निकलकर सीधे आरा रेलवे जंक्शन की ओर जाती दिखाई दी। विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थी परीक्षा समाप्त होते ही अपने-अपने गंतव्य के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचने लगे, जिससे जंक्शन परिसर और ट्रेनों में काफी भीड़ देखने को मिली।
रेलवे जंक्शन पर यात्रियों और परीक्षार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने तथा ट्रेनों में किसी प्रकार की अव्यवस्था और चैन पुलिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान लगातार गश्त करते नजर आए।
स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा निगरानी रखी गई। वहीं यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने और उतरने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
परीक्षा समाप्ति के बाद शाम तक जंक्शन पर चहल-पहल बनी रही और कई ट्रेनों में सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ दर्ज की गई। रेलवे प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के कारण व्यवस्था सुचारु बनी रही।




