वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, लोको पायलट पर साधा था निशाना!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा। पटना–गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन पर पत्थर फेंककर उसका शीशा क्षतिग्रस्त करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के बहिरो निवासी गावस्कर पासवान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गत 31 मई 2025 की रात करीब 10:40 बजे गाड़ी संख्या 22346 पटना–गोमतीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस जब आरा रेलवे स्टेशन से पहले श्री टोला नहर पुल के समीप पहुंची, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने इंजन पर पत्थर फेंक दिया। इस घटना में इंजन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।
घटना के बाद प्राप्त शिकायत के आधार पर आरपीएफ पोस्ट आरा में रेल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरपीएफ आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहन जांच की। फुटेज में एक व्यक्ति को इंजन की ओर पत्थर फेंकते हुए स्पष्ट देखा गया।
जांच के दौरान मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे हुलिये और पहनावे के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ टीम ने गावस्कर पासवान को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के समय वह वही टी-शर्ट पहने हुए मिला, जो घटना के दिन सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही थी।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने ही वंदे भारत एक्सप्रेस के इंजन पर पत्थर फेंका था। पर्याप्त साक्ष्य और स्वीकारोक्ति के आधार पर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
आरपीएफ ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि रेलवे संपत्ति या चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाएं गंभीर अपराध हैं, जो यात्रियों और रेलकर्मियों की जान को खतरे में डाल सकती हैं। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on:

और पढ़ें