आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा (भोजपुर), 6 जून। भोजपुर के जिला पदाधिकारी तनय सुलतानिया ने शनिवार को पीरो स्थित त्रिडंडी स्वामी डिग्री कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर राज्य सरकार की ‘सात निश्चय-3’ योजना के तहत प्रस्तावित नए डिग्री महाविद्यालय की स्थापना से जुड़ी तैयारियों एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने परिसर का विस्तृत अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड में एक डिग्री महाविद्यालय स्थापित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रस्तावित महाविद्यालय में 1 जुलाई 2026 से शैक्षणिक गतिविधियां एवं कक्षाओं का संचालन शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। महाविद्यालय के संचालन से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा उन्हें पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
डीएम ने कहा कि सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा के प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रस्तावित डिग्री महाविद्यालय क्षेत्र के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी पीरो, विशेष कार्य पदाधिकारी भोजपुर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), प्रखंड विकास पदाधिकारी पीरो, अंचलाधिकारी पीरो सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
शीर्षक: पीरो में नए डिग्री कॉलेज की तैयारी तेज, डीएम ने किया निरीक्षण
उपशीर्षक: सात निश्चय-3 योजना के तहत 1 जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कराने की तैयारी



