नालंदा में चोरों का तांडव, एक ही दिन में आधा दर्जन घरों से 15 लाख से अधिक की चोरी!

SHARE:

रिपोर्ट- मिथुन कुमार!

नालंदा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सूरजपुर गांव का है, जहां शुक्रवार की रात बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक ही गांव के छह घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सबसे बड़ी चोरी शंभु पासवान के घर हुई, जहां चोरों ने गोदरेज का लॉकर तोड़कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

चोरों ने अश्विनी कुमार के घर से दो मोबाइल फोन, पवन राम के घर से 10 हजार रुपये नकद, रामलगन यादव के घर से 7 हजार रुपये तथा मोहन यादव के घर से 3 हजार रुपये की चोरी कर ली। देर रात जब एक गृहस्वामी की नींद खुली और उसने घर का सामान बिखरा देखा तो शोर मचाया। इसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और जांच करने पर छह घरों में चोरी की पुष्टि हुई।

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के लिए पुलिस गश्ती वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन बिना रुके आगे निकल गया। वहीं पड़ोसी सारिलचक गांव में भी चोरों ने जितेंद्र चौधरी के घर में सेंधमारी की कोशिश की, लेकिन परिजनों के जाग जाने से चोर भाग निकला।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द खुलासा करने का दावा किया है।

Join us on: