राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगने वाले कायमनगर सब्जी बाजार के स्थानांतरण की कवायद तेज!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित कायमनगर सब्जी बाजार से उत्पन्न हो रही यातायात बाधाओं एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने बाजार को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कायमनगर स्थित सब्जी बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे वर्तमान बाजार क्षेत्र का अवलोकन कर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव तथा आम लोगों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से बाजार के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद सब्जी विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित कर बाजार को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। बैठक में प्रशासन की मंशा एवं स्थानांतरण से होने वाले संभावित लाभों की जानकारी विक्रेताओं को दी गई। साथ ही विक्रेताओं की समस्याओं, सुझावों एवं चिंताओं को भी गंभीरता से सुना गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रस्तावित नए स्थल का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं तथा बाजार संचालन की संभावनाओं का जायजा लिया। प्रशासन का मानना है कि बाजार के स्थानांतरण से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुगम होगा, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी तथा विक्रेताओं और ग्राहकों को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी कोईलवर, गिधा थाना अध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा बाजार स्थानांतरण की प्रक्रिया को लेकर आगे आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Join us on: