:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
बेगूसराय से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां पति से विवाद के बाद एक महिला कुएं में कूद गई और करीब छह घंटे तक पानी में बैठकर हाईवोल्टेज ड्रामा करती रही। महिला बार-बार पुलिस को बुलाने और सुरक्षा की गारंटी देने की मांग करती रही। हैरत की बात यह रही कि कुएं के ऊपर उसका छोटा बच्चा रो-रोकर बाहर आने की गुहार लगाता रहा, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही। काफी मशक्कत और पुलिस के आश्वासन के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला मंझौल चट्टी रोड वार्ड नंबर-12 स्थित शिव मंदिर परिसर के पास का है। बताया जा रहा है कि सुजीत कुमार भारती की पत्नी सीमा कुमारी का किसी बात को लेकर अपने पति से विवाद हो गया था। विवाद के बाद सीमा ने घर के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी। कुएं में पानी कम होने के कारण उसकी जान बच गई, लेकिन इसके बाद शुरू हुआ करीब छह घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा। कुएं के अंदर बैठी महिला लगातार चिल्लाकर कहती रही कि जब तक पुलिस नहीं आएगी और उसे सुरक्षा की गारंटी नहीं मिलेगी, तब तक वह बाहर नहीं निकलेगी। महिला अपने पति पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप भी लगाती रही। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने महिला को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह बाहर आने को तैयार नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने कुएं में रस्सी, बांस और सीढ़ी भी डाली, लेकिन महिला ने बाहर निकलने से इनकार कर दिया। मामला गंभीर होता देख मंझौल थाना की एसआई रितिका कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने काफी देर तक महिला को समझाया और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।इसके बाद स्थानीय युवक नवीन पासवान और अनिल सहनी बहादुरी दिखाते हुए सीढ़ी के सहारे कुएं में उतरे। दोनों ने महिला को रस्सी से बांधा, जिसके बाद ऊपर मौजूद लोगों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। महिला को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल मंझौल में भर्ती कराया गया।परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले महिला के भाई की मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में थी और उसका इलाज भी चल रहा है। अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। फिलहाल इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।




