:- रवि शंकर अमित!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक सम्मान के नए आयाम स्थापित किए : संजय सरावगी
गरीब कल्याण से लेकर आत्मनिर्भर भारत तक, हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुईं : संजय सरावगी
मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे : संजय सरावगी
पटना,दिनांक 27 मई
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। यह कालखंड केवल सरकार चलाने का नहीं, बल्कि नए भारत के निर्माण, गरीबों के उत्थान और देश को विश्व पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का काल रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में करोड़ों गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिला, करोड़ों महिलाओं को उज्ज्वला योजना के माध्यम से धुएं से मुक्ति मिली, आयुष्मान भारत योजना से गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली तथा जनधन खातों के जरिए आर्थिक समावेशन को नई गति मिली।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। देश में रिकॉर्ड संख्या में राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्सप्रेसवे, रेलवे नेटवर्क का विस्तार, आधुनिक एयरपोर्ट, बंदरगाह और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हुआ है। भारत की डिजिटल व्यवस्था आज दुनिया के लिए उदाहरण बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ तथा विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने युवाओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं।
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति मजबूत हुई है और वैश्विक मंचों पर भारत का सम्मान बढ़ा है। आज दुनिया भारत की बात गंभीरता से सुनती है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने कठिन चुनौतियों का मजबूती से सामना किया है। कोरोना महामारी के दौरान गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों तक राहत पहुंचाने का कार्य किया गया। भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि अन्य देशों की भी सहायता की।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में बिहार को भी विशेष लाभ मिला है। सड़क, रेल, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अनेक विकास परियोजनाओं को गति मिली है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ बिहार के करोड़ों नागरिकों तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व देशवासियों में विश्वास जगाने वाला रहा है तथा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए देश एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।
अंत में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके सफल 12 वर्षों के कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत आने वाले समय में विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होकर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ेगा।
मीडिया विभाग
भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश




