बेगूसराय- 30 मई को जिले के 15 केंद्रों पर ली जायेगी बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECE), पटना द्वारा आयोजित बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा (PCM/PCB/PCMB)-2026 का आयोजन आगामी 30 मई 2026 (शनिवार) को बेगूसराय जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा के सफल, स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक, बेगूसराय द्वारा संयुक्त आदेश जारी करते हुए सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था के व्यापक निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा चार पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली में भौतिक विज्ञान की परीक्षा पूर्वाह्न 09:00 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली में रसायन विज्ञान की परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक, तृतीय पाली में गणित की परीक्षा अपराह्न 02:00 बजे से 03:30 बजे तक तथा चतुर्थ पाली में जीव विज्ञान की परीक्षा अपराह्न 04:00 बजे से 05:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों का प्रवेश सुबह 07:00 बजे से 08:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा में किसी भी प्रकार के कदाचार की संभावना को समाप्त करने के लिए व्यापक तकनीकी एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक पहचान के अंतर्गत अंगूठे का निशान, ओएमआर शीट के बारकोड का सत्यापन तथा लाइव फोटो कैप्चर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि प्रतिरूपण (इम्पर्सनेशन) जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

सभी 15 परीक्षा केंद्रों के परीक्षा कक्षों एवं वॉशरूम में नेटवर्क अवरोधन हेतु जैमर लगाए जा रहे हैं। ये जैमर परीक्षा प्रारंभ होने के 12 घंटे पूर्व से परीक्षा समाप्ति के आधे घंटे बाद तक क्रियाशील रहेंगे। जैमर के निर्बाध संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था एवं जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों एवं कंट्रोल रूम की गतिविधियों की सतत वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

परीक्षा संचालन हेतु प्रत्येक केंद्र पर प्रेक्षक, स्थिर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति सुबह 06:30 बजे से प्रभावी रहेगी। इसके अतिरिक्त जिले में 07 गश्ती दंडाधिकारी दल एवं 04 विशेष उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण एवं रैंडम जांच करेंगे। उड़नदस्ता दलों के प्रभार में अपर समाहर्त्ता (विभागीय जांच) श्री महेश्वर प्रसाद सिंह, राज्य-कर आयुक्त श्री मनीष प्रभाकर, वरीय उपसमाहर्त्ता सुश्री पूजा कुमारी तथा भूमि सुधार उप समाहर्त्ता (तेघड़ा) श्री मन्केश्वर कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे।

परीक्षा की निष्पक्षता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय सदर द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास बी०एन०एस०एस० की धारा-163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की गई है।

दिव्यांग एवं लिखने में असमर्थ अभ्यर्थियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा श्रुति लेखक (Scribe) उपलब्ध कराने तथा नियमानुसार अतिरिक्त समय प्रदान करने का निर्देश भी जारी किया गया है।

परीक्षा केंद्रों पर संपूर्ण विधि-व्यवस्था के प्रभारी के रूप में अपर समाहर्ता, बेगूसराय श्री बृज किशोर चौधरी एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) श्री निखिल कुमार प्रतिनियुक्त रहेंगे। साथ ही समन्वय एवं आपात सूचना के लिए कारगिल विजय सभा भवन के ऊपरी तल पर जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसके वरीय प्रभारी श्री विवेक कुमार, निदेशक, डीआरडीए रहेंगे।

जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री ने सभी केन्द्राधीक्षकों, वीक्षकों तथा प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया है।

Join us on: