नवादा – पुलिस थानों को CCTNS CAS 1.0 प्रणाली से जोड़ने हेतु लाइव प्रशिक्षण!

SHARE:

रिपोर्ट: सोनू सिंह ।


राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB), नई दिल्ली एवं राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC), बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आज ‘क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स’ (CCTNS) के नए संस्करण CAS 1.0 को लेकर जिले के विभिन्न थानों के लिए एक दिवसीय लाइव प्रशिक्षण (Live Training) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

अब तक जिले के सभी थानों में CCTNS प्रणाली Non-CAS संस्करण पर संचालित हो रही थी, जिसे अब आधुनिक CAS 1.0 संस्करण में अपग्रेड किया जा रहा है। नई प्रणाली लागू होने के बाद राज्य स्तर पर किसी भी थाने अथवा जिले का डेटा सरकार एवं संबंधित विभागों द्वारा केंद्रीकृत रूप से कहीं से भी देखा, मॉनिटर एवं रिपोर्ट के रूप में प्राप्त किया जा सकेगा। इससे डेटा प्रबंधन, निगरानी, रिपोर्टिंग एवं अपराध विश्लेषण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तेज होगी।

कार्यशाला को बिहार के राज्य सूचना विज्ञान पदाधिकारी (SIO) डॉ. शैलेश कुमार श्रीवास्तव ने संबोधित किया। उन्होंने विभिन्न जिलों से जुड़े प्रतिभागियों से संवाद करते हुए सभी नवस्थापित थानों में CCTNS CAS 1.0 परियोजना के सफल क्रियान्वयन पर बल दिया।

प्रशिक्षण के दौरान केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि NIC नवादा की तकनीकी टीम के सहयोग से सभी संबंधित पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों के कंप्यूटर सिस्टम में CCTNS CAS 1.0 सॉफ्टवेयर का लाइव इंस्टॉलेशन भी कराया गया। इसके उपरांत सॉफ्टवेयर में डेटा एंट्री की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया तथा प्रतिभागियों को Hands-on Training प्रदान की गई।

लाइव सत्र के दौरान नवादा जिले के विभिन्न थानों से जुड़े अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों द्वारा सॉफ्टवेयर संचालन, डेटा एंट्री तथा नेटवर्क कनेक्टिविटी से संबंधित कई प्रश्न पूछे गए, जिनका समाधान NCRB दिल्ली एवं NIC बिहार के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा तत्काल किया गया।

CAS 1.0 प्रणाली पूरी तरह लागू होने के बाद नवादा जिले के सभी थानों में आपराधिक मामलों की ट्रैकिंग, एफआईआर पंजीकरण एवं अनुसंधान प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, सुरक्षित एवं पारदर्शी हो जाएगी। डिजिटल माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपराधियों के रिकॉर्ड का सत्यापन एवं डेटा का आदान-प्रदान भी सरल होगा, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक(मुख्यालय), जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (DIO) श्रेया वर्मा,विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष, जिला रोलआउट प्रबंधक (DRM) मनीष कुमार एवं नेटवर्क इंजीनियर गोपेश्वर कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

Join us on: