रिपोर्ट: सोनू सिंह ।
सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई : जिला पदाधिकारी
एनएच-20 पर अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध चलेगा विशेष अभियान
नवादा में यातायात व्यवस्था होगी हाईटेक, 12 स्थानों पर लगेगा ITMS
आज दिनांक 25 मई 2026 को जिला पदाधिकारी नवादा रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को निर्देश दिया कि एनएच-20 पर अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सर्विस रोड पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सीमांकन कर संबंधित थाना एवं अंचलाधिकारी के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं सर्विस रोड के समीप आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने का भी निर्देश दिया गया।
सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन एवं आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से नवादा जिले में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण चौक-चौराहों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान की गई है, जहां ITMS प्रणाली स्थापित की जाएगी।
जिले में चिन्हित प्रमुख स्थल इस प्रकार हैं :-
- विश्व शांति चौक, हिसुआ (SH-08)
- शहीद चंदन सिंह चौक, वारिसलीगंज (SH-82)
- पकरीबरावां वारिसलीगंज मोड़ (SH-08)
- सिउर मोड़, रोह (SH-83)
- रजौली बस स्टैंड (NH-20)
- फतेहपुर मोड़ (NH-20)
- खानपुर हिसुआ रोड (SH-08)
- कादिरगंज थाना मोड़ (SH-83)
- धर्मशीला देवी हॉस्पिटल मोड़ (MDR)
- प्रजातंत्र चौक (MDR)
- सद्भावना चौक (NH-20)
- रेलवे गुमटी (MDR)
ITMS के अंतर्गत ई-इन्फोर्समेंट, ट्रैफिक मॉनिटरिंग, रेड लाइट उल्लंघन पहचान (Red Light Violation Detection), स्पीड मॉनिटरिंग सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर स्वचालित निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक ट्रैफिक प्रवर्तन प्रणाली के जरिए ओवर स्पीडिंग, रेड लाइट एवं स्टॉप लाइन उल्लंघन, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट नहीं लगाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन संचालन एवं ट्रिपल राइडिंग जैसे मामलों की पहचान स्वतः की जा सकेगी।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि निजी विद्यालयों के वाहनों की जांच के दौरान कई स्कूलों द्वारा परिवहन विभाग के निर्धारित नियमों का पालन नहीं पाया गया। जांच के क्रम में निबंधन प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस एवं परिचारक/संवाहक अनुज्ञप्ति सहित अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की गई, जिसमें कई वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अनुपलब्ध पाए गए। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी स्कूल वाहनों में गति नियंत्रण उपकरण (स्पीड गवर्नर), वीएलटीडी (Vehicle Location Tracking Device), पैनिक बटन, जीपीएस एवं रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही 14 सीटर से अधिक क्षमता वाले विद्यालय वाहनों में सीसीटीवी कैमरा स्थापित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि योग्य परिचारक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा वाहनों में बैठने की क्षमता से अधिक बच्चों का परिचालन किसी भी स्थिति में नहीं किया जाए। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में वाहन स्वामी एवं ऑपरेटर के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय वाहनों के लिए निर्धारित मानकों के अंतर्गत सभी वैध कागजात वाहन में उपलब्ध रखना, विद्यालय से अनुबंध संबंधी दस्तावेज सुरक्षित रखना, चालक के पास वैध भारी मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस एवं न्यूनतम एक वर्ष का अनुभव होना तथा वाहन में बच्चों से संबंधित आवश्यक विवरणी उपलब्ध रखना अनिवार्य बताया गया।
जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मी बच्चों को सुरक्षित ढंग से सड़क पार कराएं।
बैठक में थाना-वार रोस्टर बनाकर ट्रैक्टरों के कागजातों की सघन जांच करने तथा कम उम्र के चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही एनएचएआई के पदाधिकारियों को जिले के प्रवेश मार्गों पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने, धर्मशीला अस्पताल मोड़ पर हाई मास्ट लाइट लगाने एवं फोरलेन की स्ट्रीट लाइटों को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया।
नवादा शहरी क्षेत्र में बढ़ती यातायात जाम की समस्या को देखते हुए अवैध रूप से संचालित टोटो वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चालान अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन नवादा, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अवर जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई), कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग नवादा/रजौली सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।




