कटिहार में तूफान का तांडव, सौ से अधिक पेड़ गिरे, पचास से ज्यादा बिजली पोल उखड़े,अंधेरे में डूबा शहर!

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार

कटिहार में तेज बारिश और आंधी ने देर रात तक जमकर तबाही मचाई। तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार बारिश से जिले के अलग-अलग इलाकों में 100 से ज्यादा पेड़ उखड़कर गिर गए जबकि 50 से अधिक बिजली पोल टूटकर जमीन पर बिखर गए। तूफान के बाद शहर के कई हिस्सों में अंधेरा पसरा हुआ है और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
सबसे ज्यादा असर मिर्चाईबाड़ी इलाके में देखने को मिला जहां बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर स्ट्रक्चर और पोल गिरने से कई स्कूटी, मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई जगहों पर सड़कें घंटों तक बाधित रहीं और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। तेज बारिश का असर कटिहार रेल स्टेशन पर भी दिखा। स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पानी जमा होने की तस्वीरें सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि खराब मौसम के बावजूद रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कई इलाकों में पोल और तार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं जिसकी वजह से शहर में पूरी तरह बिजली बहाल होने में 24 घंटे से ज्यादा समय लग सकता है। विभाग की टीमें रातभर मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। इस भीषण तूफान के बीच सबसे बड़ी राहत की खबर ये है कि अब तक पूरे जिले में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।

Join us on: