रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय
भोजपुर। जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पैगा गांव में बुधवार की रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सोए हुए अवस्था में एक 12 वर्षीय बच्ची को सांप ने डस लिया। परिजन घबराहट में उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन घर से हॉस्पिटल ले जाने से पूर्व ही उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान शेषनाथ पासवान की 12 वर्षीय पुत्री स्नेहा के रूप में की गई है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।
सूचना मिलने पर कृष्णगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि बच्ची की मौत सांप के काटने से हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए आवश्यक कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।



