रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!
तियर थाना क्षेत्र के करखियां गांव के समीप दिनदहाड़े हुई वारदात
आरा/तियर थाना क्षेत्र के करखिया गांव के समीप बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े 50 हजार रूपये लूट लिये. घटना शुक्रवार की दोपहर में घटित होना बताया जा रहा है. मामले को लेकर सीएसपी संचालक शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी मनोज सिंह के बयान पर तियर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
जानकारी के अनुसार मनोज सिंह विगत दस वर्षों से तियर थाना क्षेत्र के कमरियांव गांव में दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की सीएसपी का संचालन करते हैं. शुक्रवार को रोज की भांति वे बगही स्थित ग्रामीण बैंक की शाखा में पहुंचे और 50 हजार रूपये की निकासी किया. रूपये बैग में रखकर बाइक से वे कमरियांव जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में करखिया गांव से आगे ईंट चिमनी के समीप पल्सर बाइक पर सवार दो की संख्या में रहे युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर बाइक को रोक दिया. बाइक सवार युवक अपना चेहरा बांधे हुए थे और बाइक का नंबर प्लेट भी ढंक रखा था. बाइक रोकने के बाद दोनों हीं अपराधी सीएसपी संचालक को हथियार भिड़ाकर रूपये से भरा बैग छिनकर बाइक की चाबी भी निकाल लिया और मौके से फरार हो गये. मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची तियर थाने की पुलिस घटना की छानबीन की तथा देर शाम प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गयी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान कर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मालूम हो कि इसके पूर्व भी शाहपुर स्थित इंद्रावती इंडेन के भेण्डर से भी कमरियांव गांव के समीप बाइक सवार अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. क्षेत्र में पुनः दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से लोगों में दहशत देखी जा रही है.



