रिपोर्ट – विकास कुमार
सिमरीबख्तियारपुर के मदनपुर गांव में सनसनी, दो मासूम बेटियों की मां थी मृतका।
सहरसा
सहरसा जिले के सिमरीबख्तियारपुर अनुमंडल अंतर्गत बलवाहाट थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने वार्ड संख्या-दो स्थित घर से 27 वर्षीय रौनक खातून का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के पिता मु. जाकिर ने पति मु. जफर सहित ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार मु. जफर का किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध था, जिसका रौनक खातून लगातार विरोध करती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
घटना के बाद से पति सहित ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। मृतका की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसकी दो मासूम बेटियां हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




