डीसीईसीई परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 15 केंद्रों पर होगा कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजित!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

भोजपुर जिला प्रशासन की ओर से बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पार्षद द्वारा आयोजित डिप्लोमा सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा [DCECE (PE/PM/PMM)]-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
जिला पदाधिकारी-सह-जिला दंडाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार गुरुवार को समाहरणालय सभागार, आरा में अपर समाहर्ता भोजपुर की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार परीक्षा 23 मई 2026 (शनिवार) को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1:15 बजे तक आयोजित होगी। वहीं 24 मई 2026 (रविवार) को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1:15 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 2 बजे से 4:15 बजे तक चलेगी। परीक्षा जिला मुख्यालय स्थित कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।
परीक्षा की सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कुल 99 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ब्रीफिंग के दौरान सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया कि किसी भी परीक्षार्थी को कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए सभी केंद्रों पर सघन तलाशी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे से पूर्वाह्न 10:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को हाफ शर्ट, कुर्ती एवं चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र आने की अनुमति दी गई है, जबकि जूता पहनकर आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं देने का निर्देश दिया गया है।
किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए समाहरणालय भवन में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06182-248702 जारी किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी आरा सदर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे। प्रशासन ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Join us on: