दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार
दरभंगा के चर्चित चाय दुकानदार श्रवण राम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले की जांच कर रही एसआईटी टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक किराये के कमरे में छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और आपराधिक गतिविधियों में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया है।
बताया गया कि 13 मई को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हसनचक के पास अमित कुमार से छिनतई की घटना को अपराधी अंजाम दे रहे थे। इसी दौरान शोर सुनकर विरोध करने पहुंचे चाय दुकानदार श्रवण राम को अपराधियों ने गोली मार दी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की पहचान भी हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले-नीले रंग की 220 सीसी पल्सर मोटरसाइकिल, कई फर्जी नंबर प्लेट, 03 अवैध पिस्टल, 79 जिंदा कारतूस, 05 मैगजीन, 15 मोबाइल फोन, चेन स्नैचिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा एक काला स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हीरा लाल उर्फ रोहित उर्फ पन्नू सिंह उर्फ चुन्नू सिंह उर्फ केशव कुमार, निवासी कटरा थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर समेत आसपास के कई जिलों में चेन स्नैचिंग, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ जाले, मुसहरी, यूनिवर्सिटी (मुजफ्फरपुर) और कटरा थाना में हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
बाइट:
- राजीव कुमार, SDPO सदर




