भोज के दौरान हंसी मजाक ने लिया हिंसक रूप, एक युवक की पीट पीट कर हत्या,कई जख़्मी!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत पुनहा गाँव में शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस हिंसक झड़प में 25 वर्षीय युवक रवि कुमार की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों से पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि गाँव में भोज के दौरान अनिल चौधरी और वाल्मीकि चौधरी उर्फ धीरेंद्र चौधरी के बीच हंसी-मजाक हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

मृतक के दिव्यांग पिता अनिल चौधरी ने आरोप लगाया कि वाल्मीकि चौधरी नशे की हालत में करीब एक दर्जन लोगों के साथ उनके घर पहुँचा और लाठी-डंडों व हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में पूरा परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायलों में गौरी देवी, काजल कुमारी, दामोदर चौधरी, सन्नी कुमार और रवि Kumar शामिल थे। सभी को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं सन्नी कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

परिजनों का कहना है कि रवि कुमार ही पूरे घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था और हाल ही में उसकी शादी तय हुई थी। लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियाँ छीन लीं।

घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना अध्यक्ष ललित विजय मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में 14 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जिनमें से 11 को हिरासत में ले लिया गया है।

फिलहाल गाँव में भारी पुलिस बल तैनात है। एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Join us on: