रिपोर्ट – मिथुन कुमार
बिहटा-सरमेरा टू-लेन पर शनिवार की अहले सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। नालन्दा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़िया गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक के खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक और घायल दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि आगे चल रहे एक हाइवा ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे से आ रहा बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर उससे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के सांचौड़ गांव निवासी इंद्रदेव यादव के 25 वर्षीय पुत्र श्रवण यादव के रूप में हुई है, जो ट्रक में खलासी का काम करता था। वहीं उसका भाई बबलू यादव, जो ट्रक चला रहा था, गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल में भर्ती है।
परिजनों ने बताया कि दोनों भाई अरवल से बालू लोड कर सहरसा जा रहे थे। इसी दौरान बढ़िया गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दोनों घायलों को पहले सरमेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान श्रवण यादव ने दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष साकेन्द्र कुमार बिंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार हाइवा चालक की तलाश में जुट गई है।
बाइट:- पवन कुमार, मृतक का परिजन




