एम्स, दरभंगा का निर्माण कार्य तथा DMCH का पुनर्विकास कार्य तेजी से पूर्ण करें: मुख्यमंत्री!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बिहार में मरीजों को रेफर करने के कांसेप्ट को हर हाल में समाप्त करना है, इसके लिए एस०ओ०पी० बनाएं।

दरभंगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाएं मरीजों को आसानी से मिले, इस पर विशेष ध्यान दें।

पटना, 14 मई 2026 मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य तथा निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दरभंगा की समीक्षात्मक बैठक हुई। दरभंगा एयरपोर्ट परिसर में आयोजित इस बैठक में दरभंगा विमानपत्तन के निदेशक ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। निदेशक ने अपने प्रस्तुतीकरण में न्यू टर्मिनल बिल्डिंग, रोड कनेक्टिविटी, उपलब्ध सुविधाएं, पावर हाउस, ए०सी० प्लांट आदि की अद्यतन स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री के समक्ष अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, दरभंगा (एम्स) के उप निदेशक श्री रजनीश मिश्रा ने निर्माणाधीन दरभंगा एम्स की कार्य प्रगति के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। उप निदेशक ने अपने प्रस्तुतीकरण में भू-अर्जन, सिविल वर्क, साइट प्लान, रोड कनेक्टिविटी / चौड़ीकरण, दरभंगा एम्स के पास प्रस्तावित रिंग बांध, पेयजल, इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन आदि के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात् स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने प्रस्तुतीकरण के जरिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति के हर पहलू से मुख्यमंत्री को विस्तार पूर्वक अवगत कराया। श्री कुमार रवि ने बताया कि दरभंगा मेडिकल कॉलेज लहेरियासराय, दरभंगा में 250 छात्रों का नामांकन हो रहा है तथा 1700 शैय्या के अस्पताल का पुनर्विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य तथा निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दरभंगा के संबंध में अपनी-अपनी बातें रखी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय बनाने के लिए जो मानक निर्धारित हैं उसको ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार के साथ होनेवाली अगली बैठक में उन मानकों पर विस्तारपूर्वक चर्चा अवश्य करें। दरभंगा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा यथाशीघ्र शुरू कराएं। प्राथमिकता के आधार पर दरभंगा एम्स के निर्माण कार्य में तेजी लाएं, यदि किसी प्रकार की कठिनाई

आती है तो उसका त्वरित समाधान करें। डी०एम०सी०एच० के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाकर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराएं। यहां डी०एम०सी०एच० का जीर्णोद्धार कार्य तथा एम्स का निर्माण चल रहा है। ऐसी स्थिति में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिले इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। बिहार में मरीजों को रेफर करने के कांसेप्ट को हर हाल में समाप्त करना है। इसके लिए एस०ओ०पी० बनाएं। दरभंगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाएं मरीजों को आसानी से मिले, इस पर विशेष ध्यान दें।

इस अवसर पर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री श्री मदन सहनी, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ० रामचंद्र प्रसाद, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद श्री संजय कुमार झा, सांसद श्री गोपाल जी ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी, विधायक श्री राजेश कुमार मंडल, विधायक श्री विनय कुमार चौधरी, विधायक श्री सुजीत कुमार, विधायक श्री जिवेश कुमार, विधायक श्री मुरारी मोहन झा, विधान पार्षद श्री हरि सहनी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि, सिविल विमानन विभाग के सचिव डॉ० निलेश रामचंद्र देवरे, बिहार स्वास्थ्य सेवायें एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अमित कुमार पांडे, दरभंगा विमानपत्तन के निदेशक डॉ० दिलीप कुमार, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय, दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज तिवारी, जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Join us on: