पटना- दानापुर में पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़, दो बदमाश के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार

दानापुर के बिहटा से बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ पटना पुलिस का “ऑपरेशन लंगड़ा” अपराधियों के खिलाफ लगातार असर दिखा रहा है।

इसी अभियान के तहत देर रात बिहटा थाना क्षेत्र के आनंदपुर गाँव के बधार में पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में कुख्यात अपराधी विदेशिया उर्फ अमरेंद्र और पप्पू नाम के अपराधी को गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है जिसके बाद इलाज के लिए पहले बिहटा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहाँ से बेहतर इलाज के लिए पटना AIIMS भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार पटना पुलिस की विशेष टीम और STF को अपराधियों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पूरी मुठभेड़ रात करीब दो बजे हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं और इससे जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

पटना पुलिस इन दिनों अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए “ऑपरेशन लंगड़ा” को प्रमुखता से चला रही है। इस अभियान के तहत लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी, छापेमारी और मुठभेड़ की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के मनोबल को तोड़ने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Join us on:

और पढ़ें