रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के अमहा गांव के निकट सोमवार की रात अज्ञात वाहन की ठोकर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पिपरा थाना अंतर्गत ठाडी भवानीपुर पंचायत के विशनपुर गांव निवासी स्वर्गीय जवाहर साह का 22 वर्षीय पुत्र भुपेंद्र साह के रूप में हुआ है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सोमवार की शाम को मोटरसाइकिल से अपने ससुराल मधेपुरा जिला के शंकरपुर थाना अन्तर्गत राय भीड़ गांव से सिंहेश्वर एन एच 106 होते हुए अपने गांव विशनपुर आ रहे थे कि रास्ते में अमहा गांव के निकट विपरीत दिशा से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया दिया जिससे उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं ठोकर मारने वाले वाहन चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पिपरा थाना पुलिस एवं मृतक के परिजन को घटना के संबंध में जानकारी दी, जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे पिपरा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया और घटना की जांच में जुट गई। इधर घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की माता गीता देवी और पत्नी रानी देवी की रो-रोकर हाल बुरा था।
मालूम हो कि मृतक भुपेंद्र साह की ढाई वर्ष पहले शादी हुई थी पत्नी रानी देवी अब विधवा हो गई, जिन्हें डेढ़ साल की मासूम बेटी अनामिका कुमारी है। जबकि पत्नी रानी देवी गर्भवती बताई जा रही है। भुपेंद्र की मौत के बाद परिवार पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम बच्ची के सर से पिता का साया उठ गया वहीं मृतक की माता मसोमात गीता देवी पहले ही अपने पति को खो चुकी थी अब बेटा भी नहीं रहे जो बेसुध हो गई है। पत्नी रानी देवी को रोते बिलखते देख लोग सिहर जाते थे।
इस दर्द-विदारक घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ था। हरेक आने – जाने वाले लोगों की आंखें नम थी।
घटना की जानकारी देते हुए पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया सड़क दुघर्टना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा जा चुका है। पुलिस अज्ञात वाहन की तहकीकात में जुटी हुई है।




