शेखपुरा – युवक की करंट लगने से मौत, परिवार ने ठेकेदार पर लगाया आरोप!

SHARE:

रिपोर्ट – रवि शंकर कुमार!

शेखपूरा जिला के बरबीघा थाना क्षेत्र के बभनीवां गांव में सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक सोनू कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। सोनू छत की ढलाई का काम करने गया था, जहां 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। परिजनों ने ठेकेदार और मकान मालिक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतक की पहचान परमेश्वर पासवान के 26 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सोनू बरबीघा बाजार के गंज मोहल्ले में कारू बरनाल नामक व्यक्ति के मकान की ढलाई करने गया था। छत के ऊपर से 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली तार गुजर रही थी।

परिजनों ने बताया कि काम शुरू होने से पहले मकान मालिक और ठेकेदार दीपक कुमार ने यह भरोसा दिलाया था कि बिजली लाइन कटवा दी गई है। लेकिन जैसे ही सोनू काम करने के लिए छत पर चढ़ा, वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और जोरदार झटके के साथ नीचे मिक्सर मशीन पर जा गिरा।

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक के साले मुकेश कुमार ने आरोप लगाया कि करंट लगने के बाद ठेकेदार और मकान मालिक मौके से फरार हो गए और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने तक की जिम्मेदारी नहीं निभाई।

आनन-फानन में परिजन सोनू को लेकर बरबीघा अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि पावापुरी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का कहना है कि सोनू की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, लेकिन उम्मीद के सहारे वे अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए ठेकेदार और मकान मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि घोर लापरवाही का नतीजा है।

इधर पावापुरी ओपी प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलते ही जीरो एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को मामला भेज दिया जाएगा।

बाइट:- मृतक का परिजन

Join us on: