नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा में अपराधियों का तांडव: थाना के सामने चौकीदार को चाकू मार उतारा मौत के घाट
नवादा: जिले के पकरीबरावां प्रखंड अंतर्गत धमौल थाना के ठीक सामने अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक चौकीदार पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना सोमवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे की है, जब ड्यूटी खत्म कर लौट रहे चौकीदार जितेंद्र पासवान को बदमाशों ने पेट में चाकू घोंप दिया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल चौकीदार को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए पावापुरी बीम्स रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि चौकीदार जितेंद्र पासवान ने तुर्कवन गांव में अवैध शराब बिक्री की सूचना पुलिस को दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी आनंदी यादव के पुत्र रामपत कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
घायल चौकीदार ने पकरीबरावां थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजन चौधरी को दिए बयान में बताया कि वह धमौल थाना से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे, तभी रामपत कुमार और चार अन्य लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
वहीं, चौकीदार की पत्नी ने बताया कि करीब छह माह पूर्व भी आरोपी द्वारा उनके पति को जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसकी लिखित शिकायत थाना में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो आज यह घटना नहीं होती।
इधर, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना की गाड़ी पर भी हमला कर दिया। पूरे इलाके में घटना को लेकर सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कह रहे हैं कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



