नालंदा गोलीकांड का बड़ा खुलासा, जमीन विवाद में दोस्त ही बना कातिल!

SHARE:

रिपोर्ट- मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र स्थित सूफी नगर मोहल्ले में 23 अप्रैल को हुई चर्चित गोलीबारी की घटना का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। पुलिस रिमांड पर लिए गए मुख्य आरोपी बेचू मियां उर्फ लंगड़ा और मन्नू ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।

बताया जाता है कि 23 अप्रैल को सूफी नगर इलाके में अपराधियों ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर मोहम्मद सोहन और उनके पुत्र अली फरहान को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। गोली लगने के बाद दोनों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अगले दिन मोहम्मद सोहन की मौत हो गई। वहीं उनके पुत्र अली फरहान की हालत में सुधार होने के बाद उनकी जान बच गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस लगातार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। पुलिस दबाव बढ़ने के बाद मुख्य आरोपितों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की।

बिहार थाना के थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि इस हत्याकांड की मुख्य वजह जमीन विवाद थी। जांच में सामने आया कि बड़ी दरगाह इलाके के पास स्थित एक जमीन को लेकर मोहम्मद सोहन और मोहम्मद एहतिशाम के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एहतिशाम नहीं चाहता था कि सोहन उस जमीन को बेचे। इसी कारण उसने बेचू मियां को सोहन को रोकने की जिम्मेदारी दी थी। इसके बदले बेचू को 80 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बेचू मियां लगातार मोहम्मद सोहन को जमीन बेचने से मना कर रहा था, लेकिन जब सोहन ने जमीन बेच दी तो विवाद और बढ़ गया। घटना वाले दिन इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि नशे की हालत में मौजूद बेचू मियां ने गुस्से में आकर मोहम्मद सोहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें उनकी मौत हो गई जबकि उनका पुत्र घायल हो गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया गया है। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।

Join us on: