मुजफ्फरपुर- जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनाने के मामले में दो गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

मुजफ्फरपुर:फर्जी आधार कार्ड बनाने और जाली दस्तावेजों से विदेशी नागरिक का पासपोर्ट बनवाने के मामले में दो गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में फर्जी आधार कार्ड बनाने और जाली दस्तावेजों के आधार पर विदेशी नागरिक का पासपोर्ट बनवाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।

नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोतीझील स्थित उमा मार्केट के कनकाई कम्युनिकेशन में अवैध रूप से दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जाते हैं। इसके साथ ही अन्य दस्तावेजों से संबंधित काम भी अनधिकृत तरीके से किए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर छापेमारी की।

इस दौरान साहिल कुमार, थाना केसरीया, पूर्वी चंपारण को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लैपटॉप, आधार एनरोलमेंट क्लाइंट सॉफ्टवेयर, UIDAI मशीन, फिंगर प्रिंट स्कैनर, आइरिस स्कैनर, क्लोन थंब इम्प्रेशन उपकरण और आठ मूल आधार कार्ड बरामद किए गए। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए।
पूछताछ में साहिल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2019 से उक्त दुकान में काम कर रहा है और आधार कार्ड बनाने के साथ-साथ ऑनलाइन पासपोर्ट आवेदन से संबंधित कार्य भी करता है।

जांच के दौरान बरामद मोबाइल और ई-मेल की जांच में पासपोर्ट संख्या U2185640 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस के हाथ लगी। जांच में गलत सूचना और जाली दस्तावेजों के आधार पर बांग्लादेशी नागरिक के नाम से पासपोर्ट जारी कराए जाने की बात सामने आई।

इसके बाद पुलिस ने मामले की आगे जांच करते हुए शिव कुमार पंडित, निवासी दरियापुर, जिला सारण के घर पर छापेमारी की। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में शिव कुमार पंडित ने बताया कि वह Union Bank of India, Boring Canal Road स्थित Tame Technology Agency में आधार ऑपरेटर के रूप में काम करता है और UIDAI मशीन का इस्तेमाल आधार कार्ड बनाने एवं अपडेट करने के लिए करता था।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अन्य लोगों के माध्यम से UIDAI सिस्टम को साइबर कैफे संचालकों को उपलब्ध कराने से संबंधित जानकारी भी दी है।
इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 547/2026 दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल कुमार और शिव कुमार पंडित शामिल हैं।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 03 मोबाइल फोन, 02 लैपटॉप, 01 अंगूठे का क्लोन, 01 आइरिस स्कैनर, 01 फिंगर स्कैनर, 08 मूल आधार कार्ड समेत अन्य संबंधित दस्तावेज और डिजिटल सामग्री बरामद की है।

वहीं, पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर-01 सुरेश कुमार ने बताया कि फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाने के इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बयान मुजफ्फरपुर सीडीपीओ नगर सुरेश कुमार

Join us on: