रिपोर्ट- मिथुन कुमार!
नालंदा जिले के हरनौत स्थानीय बाजार स्थित कन्या मध्य विद्यालय बीच बाजार में सोमवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब तीसरी घंटी के दौरान वर्ग छह की दो छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना सुबह करीब 8 बजकर 52 मिनट की बताई जा रही है। बेहोश हुई छात्राओं की पहचान रिकुं और प्रियंका के रूप में हुई है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका महारानी देवी ने बताया कि अचानक गर्मी बढ़ने और बिजली कट जाने के कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। स्कूल में मौजूद शिक्षकों ने तुरंत छात्राओं को होश में लाने का प्रयास किया और ग्लूकोज घोलकर पिलाया गया। बाद में परिजनों को सूचना देकर छात्राओं को इलाज के लिए भेजा गया।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि स्कूल में करीब 270 बच्चे नामांकित हैं, लेकिन पढ़ाई के लिए मात्र चार कमरे उपलब्ध हैं। वहीं आठ शिक्षकों में से पांच जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त हैं और एक शिक्षक बीमार हैं। ऐसे में सिर्फ दो शिक्षक पूरे स्कूल को संभाल रहे हैं। घटना के बाद स्कूल की बदहाल व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।




