मोतिहारी- नेपाल से लाई जा रही थी गांजा की खेप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!

मोतिहारी में करोड़ों के गांजा रैकेट पर बड़ा वार, लग्जरी कार से 22 पैकेट गांजा बरामद

नेपाल से लाई जा रही थी गांजा की खेप, उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तस्कर गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने बनकट इलाके में घेराबंदी कर एक लग्जरी कार को पकड़ा, जिसमें से 22 पैकेट उत्तम गुणवत्ता का गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा और लग्जरी वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल बॉर्डर के रास्ते भारी मात्रा में गांजा की खेप मोतिहारी लाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बनकट इलाके में वाहन की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर कार को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कार से 22 पैकेट गांजा बरामद किया गया। मौके से पताही निवासी चालक सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोतिहारी सदर के राजस्व अधिकारी नवनीत कुमार ने बताया कि बरामद गांजा की खेप काफी बड़ी है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की यह खेप किन तस्करों तक पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Join us on: