रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार!
मोतिहारी में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां परीक्षा देने आए एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना कोटवा थाना क्षेत्र स्थित हाई स्कूल परिसर की बताई जा रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा गांव निवासी विद्या यादव के 25 वर्षीय पुत्र रितेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितेश बीए पार्ट थ्री की परीक्षा देने के लिए कोटवा कॉलेज आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही वह कॉलेज परिसर से बाहर निकला, उसी गांव के रहने वाले सरोज यादव ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय कॉलेज मैदान में बड़ी संख्या में छात्र और अन्य लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने हमलावर को रोकने का प्रयास नहीं किया। अधिकांश लोग घटना का वीडियो बनाने में जुटे रहे। इस दौरान गंभीर रूप से घायल रितेश जमीन पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों का कहना है कि रितेश का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था, ऐसे में हत्या के पीछे की वजह समझ से परे है।
वहीं, इस मामले में एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
बाईट ………… मृतक के परिजन बिट्टू कुमार यादव




