विश्वामित्र स्थान और कल्याणेश्वर मंदिर के विकास हेतु टेंडर जारी, मधुबनी पर्यटन को मिलेंगी नई गति!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड स्थित विश्वामित्र स्थान और कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड ( बी एस टी डी सी ) ने टेंडर जारी कर दिया है। इस योजना से मधुबनी के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है। विकास कार्य से जुड़े जारी टेंडर के अनुसार विश्वामित्र आश्रम के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर लगभग 1327.63 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि कल्याणेश्वर महादेव मंदिर के रिनोवेशन एवं पर्यटन विकास पर लगभग 1360.99 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने इन स्थलों के संरक्षण और पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भेजा था, जिस पर त्वरित कार्रवाई के बाद यह प्रक्रिया आगे बढ़ी है। बता दें कि विश्वामित्र स्थान को महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि माना जाता है और यह स्थल आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और साथ ही, कल्याणेश्वर महादेव मंदिर भी क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपराओं और लोकआस्था का महत्वपूर्ण स्थल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि दोनों स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास से मधुबनी के साथ-साथ बिहार के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उनके अनुसार परियोजना पूरी होने पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं, आकर्षक परिसर, सुगम आवागमन और आधुनिक पर्यटन सुविधाएं मिलेंगी। इस पहल से स्थानीय रोजगार, स्वरोजगार, होटल व्यवसाय और परिवहन सेवाओं को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। साथ ही मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है, बताते चलें कि मधुबनी जिला पहले से ही कला और पर्यटन की संभावनाओं के लिए चर्चा में रहा है, और यह परियोजना उस दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Join us on: