रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
सफाई को लेकर लगा फटकार, प्लेटफॉर्म मरम्मत को कहा तुरंत शुरू करों
सीसीटीवी बढ़ाओ, वाशिंग पिट बनाओ, अधिकारियों को लगाया गया फटकार
मधुबनी जिले के जयनगर मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति से नाराज रेल मंडल अधीक्षक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी है। स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का गहन निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। डीआरएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब हर 15 दिनों में वरीय अधिकारियों के द्वारा कार्यों की समीक्षा और निगरानी की जाएगी, ताकि विकास परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी हो सकें। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों का बारीकी से जायजा लिया। प्लेटफॉर्मों पर मौजूद गड्ढों, क्षतिग्रस्त टाइल्स और अन्य खामियों को देखते हुए उन्होंने तत्काल मरम्मत का आदेश देते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए ये कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करने पड़ेंगे। इसके अलावा, ट्रेनों की सफाई व्यवस्था पर असंतोष जाहिर करते हुए संबंधित कर्मियों को जमकर फटकार लगाई। डीआरएम ने साफ- सफाई में व्यापक सुधार लाने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्टेशन पर स्वच्छता का स्तर राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो। डीआरएम ने यात्री सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की है। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्लेटफॉर्म संख्या-05 से ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और भीड़भाड़ कम होगी। सुरक्षा को और सशक्त बनाने हेतु स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की योजना पर काम तेज होगा। साथ ही, ट्रेनों की धुलाई और रखरखाव सुधारने के उद्देश्य से एक अतिरिक्त वाशिंग पिट का निर्माण प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा जा रहा है। इस टहल के बाद जयनगर स्टेशन न केवल आधुनिक बनेगा, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा भी बेहतर होगा। इंडो नेपाल बोर्डर के नजदीक एवं मिथिला क्षेत्र में जयनगर रेलवे स्टेशन एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री अपना सफर तय करते हैं। निर्माण कार्यों में देरी से यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए डीआरएम का यह निरीक्षण सराहनीय कहा जा सकता है। स्थानीय यात्रियों ने भी इन बदलावों को लेकर डीआरएम के पहल का स्वागत किया है। निरीक्षण के अवसर पर सीनियर डीईएन निशांत कुमार, एईएन राज कुमार, आईओडब्ल्यू रमेश कुमार सहित अन्य रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।



