नवादा/ सोनू सिंह ।
नवादा: जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पार नवादा के चौधरी नगर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां चार बच्चों की मां ने कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 30 वर्षीय प्रीति कुमारी के रूप में हुई है, जो प्रकाश रविदास के घर में किराए पर रह रही थी। प्रीति का मायका शेखपुरा जिले में बताया जा रहा है। वहीं, उसके पति नीतीश ठाकुर चेन्नई में रहकर नाई का काम करते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पति का किसी अन्य महिला से अफेयर चल रहा था, जिसके कारण प्रीति को लगातार मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। इतना ही नहीं, घर में आर्थिक तंगी भी बनी हुई थी। बताया जाता है कि बच्चों के पालन-पोषण, खाने-पीने और स्कूल फीस तक की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी।
वहीं, मृतका की मां का आरोप है कि छोटी बेटी के जन्म के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट की जाती थी। उन्होंने बताया कि पहले भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसमें इलाज कराना पड़ा था। साथ ही, उन्होंने कई बार खाने के लिए दाल-चावल तक पहुंचाया था।
इसी बीच, गुरुवार की संध्या में प्रीति ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल, नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
@Naxatra Input Desk



