नवादा में आवारा कुत्तों का कहर: 50 से ज्यादा भेड़ों को नोचा, पशुपालक पर टूटा संकट!

SHARE:

नवादा/ सोनू सिंह ।

नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड स्थित बीजूबीघा गांव में आवारा कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला कर भारी तबाही मचा दी। इस घटना में 50 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 13 भेड़ें गंभीर रूप से घायल हैं। पशुपालक मनु पाल को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

बिहार के नवादा जिले में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला मेसकौर थाना क्षेत्र के बीजूबीघा गांव का है, जहाँ कुत्तों के झुंड ने पशुपालक मनु पाल की भेड़ों पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मनु पाल अपने घर के पास बने अहाते में कुल 85 भेड़ों को बांधकर रखे हुए थे। देर रात अचानक आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंचा और भेड़ों पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने कई भेड़ों को बुरी तरह नोच डाला, जिससे मौके पर ही बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत हो गई।

भेड़ों की दर्दनाक आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुत्तों का झुंड भारी नुकसान कर चुका था। सुबह जब स्थिति साफ हुई तो 50 से अधिक भेड़ों के शव पड़े मिले, जबकि 13 भेड़ें गंभीर रूप से घायल पाई गईं। घायल भेड़ों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर मेसकौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इस घटना से पशुपालक मनु पाल के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बताया कि भेड़ पालन ही उनके परिवार की मुख्य आय का स्रोत है और इतने बड़े नुकसान से उनका परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।

वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

Join us on: