नवादा DM का औचक निरीक्षण: वृहद आश्रय गृह में व्यवस्थाओं की जांच, बच्चों से किया संवाद!

SHARE:

नवादा/ सोनू सिंह ।

नवादा: जिला पदाधिकारी नवादा श्री रवि प्रकाश ने बुधवार को पर्यवेक्षण गृह एवं वृहद आश्रय गृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। रसोईघर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और पोषण मानकों पर विशेष ध्यान दिया तथा निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति और जलापूर्ति व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। संबंधित कर्मियों को नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी दिनचर्या, रहन-सहन और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों द्वारा साझा किए गए अनुभवों को उन्होंने गंभीरता से सुना और सुधार के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

इस दौरान यह भी देखा गया कि बच्चों को संगीत की शिक्षा दी जा रही है। जिलाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग को भी उन्होंने देखा और उनकी सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।

जिलाधिकारी ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि सभी कैमरे हमेशा क्रियाशील रहें तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

इस मौके पर दिव्यांगजन कोषांग के पदाधिकारी रितेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Join us on: