नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा। देश के सुप्रसिद्ध शिक्षक खान सर आज नवादा पहुंचे, जहां उनके आगमन पर लोगों और युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। गोनावां स्थित डाक स्थान के समीप उन्होंने चेतन सोशल लाइब्रेरी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद खान सर ने युवाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में प्रयास जरूरी है। उन्होंने युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने की सलाह देते हुए कहा कि समय का सही उपयोग ही उन्हें आगे बढ़ा सकता है।
खान सर ने यह भी कहा कि छोटे शहरों और गांवों के छात्र भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें पूरा कर सकते हैं, बशर्ते वे पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ मेहनत करें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने लाइब्रेरी की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थान छात्रों के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगा और उन्हें आगे बढ़ने में मदद करेगा।



