रिपोर्ट – सुमित कुमार!
-मुंगेर : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गृह जिला मुंगेर में नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए बुधवार को सख्त कार्रवाई की। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर अवैध रूप से लगाए गए सैकड़ों अस्थायी फुटपाथी दुकानों को हटाया गया, वहीं कई स्थानों पर जेसीबी मशीन से अतिक्रमित ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया।अभियान का नेतृत्व नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, प्रशिक्षु डीएसपी अभिषेक कुमार चौबे, कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और नगर निगम कर्मी मौजूद रहे। सभी अधिकारी करीब दो घंटे से अधिक समय तक मौके पर डटे रहे और कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
यह अतिक्रमण हटाओ अभियान एक नंबर ट्रैफिक चौक से शुरू होकर राजीव गांधी चौक, चंद्रशेखर चौक होते हुए पीएनबी बैंक तक चलाया गया। प्रशासनिक सख्ती को देखते हुए अधिकांश फुटपाथ दुकानदारों ने स्वयं ही अपने सामान हटा लिए, जबकि विरोध करने वाले कुछ दुकानदारों के सामान जब्त कर लिए गए। अभियान के दौरान कुल 9 दुकानदारों से 8 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान एक युवक द्वारा मोबाइल से वीडियो बनाने और पुलिस से कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने पर उसे हिरासत में लेकर कोतवाली थाना भेज दिया गया।
अभियान के बाद प्रभावित दुकानदारों में आक्रोश देखा गया। कई दुकानदारों ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कुछ लोगों से केवल जुर्माना लेकर छोड़ दिया गया, जबकि कई दुकानों को पूरी तरह उजाड़ दिया गया। दुकानदारों ने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा फुटपाथी व्यवसायियों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट उत्पन्न हो गया है।
वहीं नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि शहर में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा था, जिसके कारण यातायात बाधित हो रहा था और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाना आवश्यक था। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि दुकानदार अपनी निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करें और सड़क अथवा फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें। उन्होंने यह भी कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।नगर निगम प्रशासन ने फुटपाथी दुकानदारों को दो नंबर गुमटी क्षेत्र में दुकान लगाने की अनुमति दी है, जबकि शहर के मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार की अवैध दुकान लगाने पर रोक लगाई गई है।
बाइट :पार्थ गुप्ता नगर आयुक्त मुंगेर




