कुदरत का कहर,शादी की खूशी गम में बदला, ओलावृष्टि ने ली एक महिला की जान!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

– मधुबनी जिले के हरलाखी प्रखंड क्षेत्र मे प्रकृति और नियति का क्रूर मजाक या मौसम का जानलेवा मिजाज देखने को मिला है। जहां से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो पूरे इलाके को गमगीन कर शोक में डुबो दिया है। प्रखंड क्षेत्र के बौरहर पंचायत वार्ड नंबर 08 में अचानक छाए घने बादल एवं ओलावृष्टि ने प्रलय का रूप ले लिया। देखते ही देखते आसमान से बरसे बड़े-बड़े ओलों ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। ओलावृष्टि की चपेट में आई वृद्ध महिला पंची देवी, 70 वर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों की माने तो मंगलवार के दिन से घर में उत्सव का माहौल था और बुधवार के दिन मृतका के पोते की बारात जानी थी। आंगन में मंगल गीत गूंज रहे थे, शहनाई की धुनें बजने वाली थीं। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। जिस घर से बारात निकलनी थी, वहां से आज दादी की अर्थी उठी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब 03:00 बजे मौसम अचानक बदल गया। बिना देर किए देखते ही देखते आकाश से पत्थर जैसे ओले गिरने लगे, पंची देवी अपने मवेशियों के लिए खेत में चारा लाने गईं थीं। तभी एक भारी ओला उनके सिर पर लगा, प्रहार इतना जोरदार था कि उनके सर भट गया और वे वही अचेत होकर गिर पड़ीं। सिर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगी। और मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शादी की तैयारियां चीख- पुकार में बदल गईं। परिजन रो-रोकर बेहोश हो रहे हैं। पंची देवी के बेटे रामू महतो ने बताया, “मां कल शादी के लिए उत्साहित थीं। ये क्या हो गया पता नहीं?” ग्रामीण स्तब्ध हैं। स्थानीय एक किसान ने कहा, “ऐसी ओलावृष्टि कभी नहीं देखी। फसलें भी बर्बाद हो गईं।” स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई अधिकारी घटनास्थल नहीं पहुंचे है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा हरलाखी एसडीएम को फोन पर इस बात की जानकारी दे दिया है। मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी किया था, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि चेतावनी पर्याप्त नहीं थी। महिला की मौत को लेकर बौरहर पंचायत में शोक सभा बुलाई गई है। घटना मौसम परिवर्तन के खतरों को दर्शाने को लेकर काफी कही जा सकती है। जिले में अब तक ओलावृष्टि से आम, सब्जी के साथ ही कई फसलें प्रभावित हो चुकी हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक परिवार को तत्काल सहायता और मुआवजे की मांग किया है।

Join us on: