:- रवि शंकर अमित!
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, बेगूसराय जिले के चयनित मॉडल विद्यालयों में कक्षा 9-10 एवं कक्षा 11-12 हेतु शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चयन प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इस क्रम में, ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने वाले सभी इच्छुक शिक्षकों को अपनी पात्रता के समर्थन में आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला मुख्यालय में उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।
चयन हेतु निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार अभ्यर्थी का संबंधित जिले में कार्यरत नियमित शिक्षक, विद्यालय अध्यापक अथवा विशिष्ट शिक्षक होना आवश्यक है। साथ ही, ई-शिक्षाकोष/यू-डायस पोर्टल पर कक्षा 9-12 के लिए विषय-मैपिंग अद्यतन एवं विद्यालय प्रधान द्वारा प्रमाणित होना चाहिए। अभ्यर्थी द्वारा वर्तमान जिले में न्यूनतम दो शैक्षणिक वर्षों की सतत सेवा पूर्ण की गई हो। पिछले तीन वर्षों में अभ्यर्थी के विरुद्ध कोई प्रमुख दंड नहीं दिया गया हो तथा कोई अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, निर्धारित कट-ऑफ तिथि 31 मार्च 2026 के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
दस्तावेज जमा करने के संबंध में निर्देश दिया गया है कि सभी शिक्षक अपने शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाणपत्रों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति दो-दो सेट में, अलग-अलग दो फोल्डर में संलग्न कर प्रस्तुत करें। इन दस्तावेजों में नवीनतम फोटो, अनुभव प्रमाण-पत्र, बोर्ड/आकलन कार्य से संबंधित विवरण, शिक्षण नवाचार तथा सूचना प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण के प्रमाण भी सम्मिलित होने चाहिए।
सभी संबंधित शिक्षकों को निर्देशित किया जाता है कि वे अपने दस्तावेजों के दोनों फोल्डर 20 अप्रैल 2026 को अपराह्न 04:00 बजे तक अनिवार्य रूप से जिला मुख्यालय में जमा कर दें। निर्धारित समय-सीमा के भीतर दस्तावेज जमा नहीं करने की स्थिति में समस्त जवाबदेही संबंधित शिक्षक की होगी।
उक्त चयन प्रक्रिया कुल 100 अंकों पर आधारित होगी, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, शिक्षण अनुभव, कार्य प्रदर्शन एवं साक्षात्कार को आधार बनाया जाएगा। विस्तृत जानकारी हेतु संबंधित शिक्षक अपने-अपने विद्यालय प्रधान से संपर्क कर सकते हैं।




