:- रवि शंकर अमित!
महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय के अंतर्गत आज दिनांक 18 अप्रैल 2026 को गढ़पुरा परियोजना के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-43 में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के तहत सखी वार्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत अन्नप्राशन, पोषण पखवाड़ा 2026 के तहत गोद भराई एवं बच्चों के जन्मदिन का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना, गढ़पुरा के पदाधिकारी श्री अनूप कुमार जायसवाल सहित जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन, बेगूसराय के जिला मिशन समन्वयक श्री राज कुमार सिन्हा एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ श्री संजीत कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा महिला एवं बाल विकास निगम की विभिन्न योजनाओं एवं महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें पोषण पखवाड़ा, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बाल विवाह निषेध, नशा मुक्ति, साइबर क्राइम जागरूकता तथा वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
अपने संबोधन में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने महिलाओं को कम बजट में संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास के लिए उन्हें परिवार के बुजुर्गों के साथ समय बिताने तथा प्राकृतिक वातावरण से जुड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही बाल विवाह की कुप्रथा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह कानूनन अपराध है, जिसे रोकने के लिए समाज में व्यापक जागरूकता आवश्यक है।
वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ द्वारा नशा मुक्ति पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने नशे की लत से बचाव के उपायों एवं सरकार द्वारा संचालित संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, साइबर क्राइम से बचाव एवं वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान पोषण पखवाड़ा 2026 एवं बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जागरूकता रैली भी निकाली गई।
इस अवसर पर गढ़पुरा परियोजना की महिला पर्यवेक्षिका, आंगनवाड़ी सेविकाएं एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक सहभागिता एवं जागरूकता के संदेश के साथ किया गया।




