जवानों के प्रशिक्षण के दौरान चली गोली एक महिला को लगी, मची अफरा तफरी!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष चौहान!

भीमनगर थाना क्षेत्र के कटैया 14 आरडी फायरिंग रेंज में एक गंभीर हादसा हो गया। जवानों के प्रशिक्षण के दौरान चली गोली एक महिला को जा लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई

सुपौल :- जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र के कटैया 14 आरडी फायरिंग रेंज में शनिवार दोपहर एक गंभीर हादसा हो गया। जवानों के प्रशिक्षण के दौरान चली एक गोली करीब एक किलोमीटर दूर खेत में काम कर रही एक महिला को जा लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायल महिला की पहचान बसंतपुर पंचायत के बरांटपुर निवासी श्यामसुंदर साह की 35 वर्षीय पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर की है। उस समय मीना देवी अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रही थीं, तभी फायरिंग रेंज से भटकी गोली उनके कमर के नीचे जा लगी।

गोली लगते ही आसपास काम कर रहे किसानों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को वीरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ० एस० रहमान ने प्राथमिक उपचार किया और एक्स-रे कराया। जांच में गोली लगने की पुष्टि हुई।

अनुमंडल अस्पताल में सर्जरी की सुविधा नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मीना देवी को सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी, वीरपुर थाना प्रभारी राजकिशोर मंडल और भीमनगर थाना प्रभारी मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, फायरिंग रेंज में दरभंगा जिला बल की महिला प्रशिक्षु जवानों का हथियार प्रशिक्षण चल रहा था। प्रशिक्षण के दौरान सड़क पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन इसके बावजूद गोली का भटक जाना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।

ग्रामीणों का कहना है कि फायरिंग रेंज के आसपास सैकड़ों एकड़ में खेती होती है और इस समय गेहूं कटाई के कारण खेतों में लोगों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और पूर्व सूचना के फायरिंग अभ्यास से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।

परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या पिछले करीब 10 वर्षों से बनी हुई है। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की है कि फायरिंग रेंज की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए या इसे आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए।

इस मामले में सुपौल एसपी शरथ आर एस ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है, घायल का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Join us on: