रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी एवं लूटपाट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बासोपट्टी थाना के एसआई राजेश कुमार ने पुलिस बल के साथ बुधवार की देर रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कलुआही थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान कलुआही थाना क्षेत्र के राढ़ गांव निवासी श्रवण कुमार यादव के रूप में की गई है। इसका अपराधिक इतिहास भी है।बताया जाता है कि उक्त मामला बाइक चोरी और राहगीरों से लूटपाट से जुड़ा हुआ है, जिसमें कुल तीन युवक नामजद हैं। इनमें से एक आरोपी पहले ही जेल जा चुका है,जबकि यह दूसरी गिरफ्तारी है। तीसरा आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये सभी आरोपी मिलकर अवैध शराब के कारोबार में भी संलिप्त थे और साथ ही बाइक चोरी व लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। काफी समय से पुलिस को इनकी तलाश थी।
इस संबंध में बासोपट्टी थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




