पंडौल ईदगाह के पास गोली से युवक की मौत, मृतक का आपराधिक इतिहास!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर रमन यादव का किया हत्या , पुलिस जांच तेज

मौके पर पहुंची एफएसअल टीम, पुरानी रंजिश का मामला उजागर

घटना रात 12 बजे की, एसपी सहित सदर 01 डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे, अपराधी फरार, सघन सर्च है जारी

मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र के ग्राम भगवतीपुर स्थित ईदगाह के समीप बीती देर रात करीब 12:00 बजे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 15 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुँचकर जाँच शुरू कर दी। मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 01 अमित कुमार तथा पंडौल थानाध्यक्ष रमन कुमार सिंह अपने सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुँचे और प्रारंभिक जाँच में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ सख्ती का ऐलान किया। पुलिस के द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ और स्थानीय ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात अपराधी ने मृतक को गोली मारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया है। मृतक की शिनाख्त रमन यादव, पिता राजू यादव, निवासी लोहना, थाना भैरवस्थान, जिला मधुबनी के रूप में हुई है। जाँच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। वह कुछ माह पूर्व ही उत्पाद अधिनियम (Excise Act) के एक मामले में जेल से रिहा हुआ था। इसके अलावा, कुछ दिन पूर्व मृतक का अन्य व्यक्तियों के साथ विवाद होने की भी सूचना पुलिस को मिली थी। ये तथ्य जाँच के प्रमुख बिंदु बन चुके हैं, जिन पर गहनता से छानबीन की जा रही है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन शुरू कर दिया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर नजर रखे हुए है और अपराधियों की तलाश में सघन छापेमारी अभियान चला रही है। क्षेत्र में विधि- व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य बनी हुई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बता दें कि यह घटना मधुबनी जिले में अपराधियों के मनोबल को तोड़ने के लिए पुलिस की तत्परता का उदाहरण प्रस्तुत करती है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की फौरी कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सुराग या जानकारी हो तो थाने में संपर्क करें, जाँच में प्रगति होने पर आगे की अपडेट दी जाएगी।

Join us on: