बेगूसराय- किसान पंजीकरण प्रक्रिया के तहत सामने आई त्रुटि, जिला प्रशासन सक्रिय!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

भारत सरकार के महत्वपूर्ण अभियान किसान पंजीकरण को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा सतत एवं प्रभावी पहल की जा रही है। इस अभियान के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण हो, ताकि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

किसान पंजीकरण की प्रक्रिया के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अनेक मामलों में किसानों के नाम पर जमाबंदी कायम नहीं होने के कारण पंजीकरण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसका प्रमुख कारण परिवारों के बीच भूमि का आपसी बटवारा लंबित होना है। इस समस्या के समाधान हेतु जिला प्रशासन द्वारा विशेष रणनीति अपनाई गई है।

इसी क्रम में दिनांक 16.02.2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, ग्राम कचहरी के सरपंच एवं सचिव उपस्थित रहे। बैठक में विस्तृत चर्चा के उपरांत सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लंबित आपसी बटवारा वादों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि किसानों के नाम पर जमाबंदी कायम की जा सके और किसान पंजीकरण में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सके।

निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के लिए पुनः जिला पदाधिकारी, बेगूसराय की अध्यक्षता में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में यह जानकारी प्राप्त हुई कि अब तक कुल 211 परिवारों के आपसी बटवारा वादों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 280 परिवारों के आपसी बटवारा वाद वर्तमान में प्रक्रियाधीन हैं, जिन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

साथ ही यह भी बताया गया कि अब तक 07 परिवारों के नाम पर जमाबंदी कायम कर ली गई है, जो कि इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिला पदाधिकारी द्वारा इस प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि प्रक्रियाधीन आपसी बटवारा वादों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें तथा पहले से निष्पादित 211 मामलों में शीघ्र जमाबंदी कायम कराना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त यह भी निर्देश दिया गया कि प्रत्येक वार्ड स्तर पर लक्ष्य निर्धारित करते हुए सुनियोजित ढंग से आपसी बटवारा वादों का निष्पादन किया जाए, ताकि कार्य में गति और पारदर्शिता बनी रहे।

जिला प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया कि इस प्रक्रिया में स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम कचहरी की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें और किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के अपनी भूमि से संबंधित प्रक्रियाओं को पूर्ण कर सकें।

जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा किया जा रहा यह प्रयास किसान पंजीकरण अभियान को गति प्रदान करने के साथ-साथ भूमि संबंधी विवादों के समाधान की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल न केवल प्रशासनिक दक्षता को दर्शाती है, बल्कि किसानों के हितों के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी परिलक्षित करती है।
इस प्रकार के समन्वित एवं लक्षित प्रयासों के माध्यम से जिले में किसान पंजीकरण का कार्य तेजी से पूर्ण होगा तथा अधिक से अधिक किसान सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

Join us on: