दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में आरोपित शरजील इमाम अपनी अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने से पहले दिल्ली रवाना!

SHARE:

रिपोर्ट- पंकज कुमार!

दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में आरोपित शरजील इमाम अपनी अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने से पहले सोमवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित होना है। अदालत ने उन्हें छोटे भाई के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए 10 दिनों की अंतरिम जमानत प्रदान की थी, जिसके तहत वे 20 मार्च से 30 मार्च तक जेल से बाहर रहे। पैरोल के दौरान शरजील इमाम अपने पैतृक गांव काको में परिवार के साथ रहे। उनके गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में उन्हें देखने की उत्सुकता देखी गई। हालांकि, जमानत की शर्तों का पालन करते हुए उन्होंने पूरे प्रवास के दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी प्रकार की सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की। पारिवारिक कार्यक्रम भी सादगीपूर्ण और सीमित दायरे में आयोजित किए गए। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग शिष्टाचार मुलाकात के लिए पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने इस अवधि को भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण बताया। छोटे भाई मुजम्मिल इमाम ने कहा कि बड़े भाई की मौजूदगी में विवाह समारोह का संपन्न होना परिवार के लिए यादगार पल रहा। उन्होंने न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय बाद परिवार को एक साथ रहने का अवसर मिला। इस दौरान शरजील ने अपनी बीमार मां की देखभाल भी की। परिवार के वरिष्ठ सदस्य अरशद इमाम ने कहा कि उनका परिवार न्यायपालिका में पूरा विश्वास रखता है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का सम्मान करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में शीघ्र न्याय मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और सभी सदस्य कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं। उल्लेखनीय है कि शरजील इमाम दिल्ली दंगों से जुड़े मामलों में लंबे समय से तिहाड़ जेल में बंद हैं और न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। फिलहाल मिली अंतरिम जमानत केवल पारिवारिक कार्यक्रम तक सीमित थी, जिसकी अवधि 30 मार्च को समाप्त हो रही है।

Join us on: